मेधावी छात्रा शोभा कुमारी की प्रथम पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

राम कुमार महतो ब्यूरो प्रमुख समस्तीपुर
विभूतिपुर, समस्तीपुर । विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आलमपुर कोदरिया वार्ड-13 निवासी सह राष्ट्रीय पत्रकार एकता संघ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राम कुमार महतो के आवासीय परिसर में सोमवार को एक शोक सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यह आयोजन उनकी सुपुत्री स्वर्गीय शोभा कुमारी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित परिजनों और गणमान्य लोगों द्वारा दीप एवं मोमबत्ती प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद विश्व गुरु भगवान गौतम बुद्ध और महान सम्राट अशोक के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। तत्पश्चात, उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत शोभा कुमारी के चित्र पर बारी-बारी से पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में दिवंगत शोभा की दादी मानकी देवी, माता अनीता देवी, भाभी कुमारी बबली,भाई रौशन कुमार व दीपक कुमार, फुआ नीलम देवी के साथ-साथ दिनेश महतो, ब्रह्मदेव महतो, बिष्णु देव महतो, मनोज महतो, नीलम देवी, कविता देवी, नीतू कुमारी सहित दर्जनों ग्रामीण और परिजन शामिल थे। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया और परिजनों की आंखें छलक आईं।

परिजनों ने शोभा कुमारी को याद करते हुए कहा कि वह बेहद हंसमुख, मिलनसार और संस्कारी प्रवृत्ति की थी। घर आए हर अतिथि का मुस्कुराकर स्वागत करना और सबका सम्मान करना उसकी फितरत में शामिल था। पढ़ाई में अत्यंत मेधावी शोभा ने मैट्रिक से लेकर ग्यारहवीं तक की परीक्षाओं में हमेशा अव्वल आकर अपनी प्रतिभा की धाक जमाई थी। 

वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई करते हुए अपने सपनों को पंख दे रही थी, लेकिन बीते वर्ष 15 जून के काले दिन ने उसे हमेशा के लिए हमसे छीन लिया। उसके असमय महापरिनिर्वाण से पूरा परिवार और समाज आज भी मर्माहत है। उपस्थित लोगों ने कहा कि शोभा भले ही आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उसकी नेकियाँ, मेधा और यादें हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *