रोसड़ा में बड़ा हादसा टला, रेलवे फाटक तोड़कर टाटा 407 चालक फरार

रोसड़ा बाजार के गांधी चौक स्थित रेलवे गुमटी संख्या 17A पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर से खगड़िया की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन को सुरक्षित मार्ग देने के लिए सुबह करीब 5:30 बजे रेलवे फाटक बंद किया गया था।ट्रेन के गुजर जाने के बाद जब गेटमैन फाटक को दोबारा खोल रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक टाटा 407 वाहन ने रेलवे फाटक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि रेलवे फाटक क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।घटना के बाद वाहन चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। उस समय घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। चालक तो भाग निकला, लेकिन स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए भागते वाहन की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन में कैद कर लीं।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा ली गई तस्वीरों में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर BR07 GB 8735 स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। इस आधार पर रेलवे और स्थानीय प्रशासन द्वारा वाहन एवं चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

गनीमत रही कि घटना के समय रेलवे ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। रेलवे फाटक के क्षतिग्रस्त होने से कुछ समय के लिए आवागमन और रेल सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *