


रोसड़ा थाना क्षेत्र के कोठिया वार्ड संख्या-26 में जहरीले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान रंजीत कुमार यादव की पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल के ऑन-ड्यूटी स्वास्थ्य कर्मियों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीलम देवी सोमवार सुबह घर में खाना बनाने के लिए जलावन लाने गई थीं। इसी दौरान लकड़ियों के बीच छिपे एक जहरीले सांप ने उनके हाथ में काट लिया। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे।



आरोप है कि अस्पताल में समय पर समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई। मृतिका महिला के पांच बच्चे हैं जिसके सर से मां का साया उठ गया।महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।


उनका कहना था कि यदि समय रहते उचित उपचार और आवश्यक दवा उपलब्ध करा दी जाती, तो नीलम देवी की जान बच सकती थी।घटना की सूचना मिलते ही नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार पुलिस बल के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे।


पुलिस ने आक्रोशित परिजनों एवं स्थानीय लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व नगर परिषद चेयरमैन सह वर्तमान वार्ड पार्षद श्याम बाबू सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


![]()












Leave a Reply