नगर परिषद, रोसड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को लेकर जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन

नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार के निर्देशानुसार स्वतंत्रता दिवस–2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के प्रति आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर परिषद, रोसड़ा के सभागार में निबंध, चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद, रोसड़ा की अध्यक्ष मीरा सिंह, उपसभापति बबीता देवी, कार्यपालक पदाधिकारी प्रिंस कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार झा, पूर्व सभापति श्याम बाबू सिंह तथा वायरल गुरुजी राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता में नगर परिषद, रोसड़ा क्षेत्र के विभिन्न उच्च माध्यमिक, माध्यमिक एवं मध्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वर्ग 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि वर्ग 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के समापन पर तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।

प्रतियोगिता के परिणामों में निबंध प्रतियोगिता में बालिका उच्च विद्यालय, रोसड़ा की भाव्या कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता में बालिका उच्च विद्यालय, रोसड़ा की हनी कुमारी प्रथम रहीं, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में शकुबना मध्य विद्यालय, रोसड़ा के मोहम्मद गुफरान ने प्रथम स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए नगर परिषद, रोसड़ा क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया। 

इनमें श्रवण कुमार, चंदन कुमार सिंह, पंकज कुमार, आशुतोष राज, आनंद कुमार सहित अन्य शिक्षक शामिल थे।संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन राकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *