


रोसड़ा पुलिस को अपराध की योजना बनाने की सूचना पर छापेमारी के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बदीया टोल मब्बी में छापेमारी कर अपराध की योजना बना रहे आठ अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, विदेशी शराब, विदेशी मुद्रा, नकद रुपये, वाहन एवं मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में रोसड़ा थाना कांड संख्या 489/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।सोमवार को थाना परिसर में ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन ने प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी एवं बरामदगी की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बदीया टोल मब्बी में स्वर्गीय सत्तो दास के पुत्र अमित कुमार के दलान पर कुछ अपराधकर्मी एकत्र होकर किसी अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से हथियार, कारतूस सहित अन्य सामान बरामद हुए।पुलिस ने मौके से आठ मोबाइल फोन, मैगजीन सहित एक सेमी ऑटोमेटिक लोडेड पिस्टल, एक देसी कट्टा, 11 जिंदा कारतूस, तीन चार पहिया वाहन, एक बुलेट मोटरसाइकिल, 59,500 रुपये नकद, 11 अमेरिकी डॉलर, पांच यूरो, एक ऑटोमेटिक चाकू तथा तीन लीटर विदेशी शराब बरामद की है।

पुलिस बरामद हथियारों एवं अन्य सामान के आधार पर गिरफ्तार आरोपितों की आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपितों में कई का आपराधिक इतिहास है।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महुली निवासी सुशील यादव के पुत्र गुलशन कुमार, सहियार बुर्ज निवासी स्वर्गीय सत्तो दास के पुत्र अमित कुमार, जीत कुमार एवं सुमित कुमार, रामपुकार यादव के पुत्र शोभित कुमार, सुरेश दास के पुत्र सुनील कुमार, हसनपुर थाना क्षेत्र के सभेपुरा निवासी कैलाशपति यादव के पुत्र मनखुश कुमार तथा बिथान थाना क्षेत्र के सिहमा निवासी चंद्रबली यादव के पुत्र विजय कुमार के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गुलशन कुमार के खिलाफ रोसड़ा थाना में तीन मामले दर्ज हैं।


विनय कुमार उर्फ बबली कुमार के खिलाफ बिथान थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। मनखुश कुमार के खिलाफ हसनपुर एवं बिथान थाना में एक-एक मामला दर्ज है।



वहीं सुमित कुमार के खिलाफ रोसड़ा थाना में बिहार मध्य निषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज है।छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सुभाष चंद्र मंडल, राहुल कुमार, जितेंद्र महतो, पीटीसी राजू कुमार सिंह, सिपाही रामप्रवेश कुमार, चिंटू कुमार, धीरेंद्र कुमार तथा महिला सिपाही अंशु कुमारी शामिल थीं।


![]()












Leave a Reply