


शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से आम लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार के निर्देश पर गुरुवार को नगर प्रशासन ने रोसड़ा बाजार में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुख्य बाजार की सड़कों के दोनों किनारों पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया गया।

अभियान के दौरान प्रशासनिक टीम ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकानें लगाने, ठेले खड़े करने तथा दुकानों का सामान सड़क तक फैलाने वालों को हटाया। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों और फुटपाथ विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी कि वे दोबारा सड़क पर अतिक्रमण नहीं करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चेतावनी के बावजूद दोबारा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रोसड़ा अनुमंडल मुख्यालय होने के कारण प्रतिदिन आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों लोग खरीदारी, बैंक, अस्पताल, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए बाजार पहुंचते हैं। लेकिन मुख्य सड़क पर अतिक्रमण, बेतरतीब वाहन पार्किंग और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण अक्सर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।जाम की समस्या का असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय तक जाम रहने के कारण ग्राहक बाजार आने से बचते हैं, जिससे कारोबार प्रभावित होता है।




ऐसे में प्रशासन द्वारा चलाए गए इस अभियान से व्यापारियों और आम लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, अस्थायी दुकानें तथा बाहर रखे गए सामान को हटाया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यदि इस तरह नियमित रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए और बाजार में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, तो रोसड़ा बाजार की पुरानी जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।





![]()











Leave a Reply