32 वर्षों पुराना भूमि विवाद सुलझा, पांच भाइयों के बीच लॉटरी से हुआ निष्पक्ष बंटवारा

ROSERA प्रखंड अंतर्गत भिरहा पूरब पंचायत के पुरानी भिरहा वार्ड संख्या-8 में पिछले 32 वर्षों से पांच भाइयों के बीच चला आ रहा भूमि विवाद आखिरकार शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। स्थानीय मुखिया लालटून पासवान के नेतृत्व और गांव के सम्मानित प्रबुद्धजनों के सहयोग से शनिवार को आयोजित पंचायत में वर्षों पुराने इस विवाद का सर्वसम्मति से स्थायी समाधान निकाल लिया गया।

पंचायती के दौरान विवादित भूमि के बंटवारे के लिए सभी पक्षों की सहमति से लॉटरी प्रणाली अपनाई गई। इसके तहत पांचों भाइयों में गणेशी यादव, सानुख लाल यादव, शंभू यादव, बुधन यादव एवं उमेश यादव—के बीच निष्पक्ष तरीके से जमीन का बंटवारा किया गया। लॉटरी के माध्यम से प्रत्येक भाई को उसका निर्धारित हिस्सा दिया गया तथा मौके पर ही संबंधित भूमि का दखल-कब्जा भी दिलाया गया।

पंचायती में महंत भोला दास, प्रोफेसर चक्रधर ठाकुर, राम सागर दास, बिनो पासवान, राजकुमार यादव, रामकुमार महतो, महादेव महतो, शिव कुमार यादव सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस समाधान को सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास की मिसाल बताया।

32 वर्षों से चले आ रहे इस पारिवारिक विवाद के समाप्त होने से पूरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मुखिया लालटून पासवान तथा पंचायत में शामिल पंचों और प्रबुद्धजनों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर आपसी सहमति से विवादों का समाधान समाज में भाईचारा और शांति बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है।

आज के समय में थानों और न्यायालयों में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे परिवारों को वर्षों तक मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पुरानी भिरहा में स्थानीय स्तर पर 32 वर्षों पुराने भूमि विवाद का शांतिपूर्ण निपटारा अन्य लोगों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *