पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने किया शिलान्यास, सांसद शांभवी चौधरी और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी रहे मौजूद

ROSERA :- शहर में लगातार बनी रहने वाली जाम की समस्या से जल्द ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बाजार क्षेत्र में वाहनों के बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से रोसड़ा बाईपास सड़क निर्माण परियोजना का रविवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। कलवार बालापर चौक के समीप आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने बाईपास सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी एवं केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय विधायक वीरेंद्र कुमार ने की। 

इस अवसर पर मंत्री अशोक चौधरी, वारिसनगर के पूर्व विधायक अशोक कुमार मुन्ना, विभूतिपुर विधायक अजय कुमार, वारिसनगर विधायक मांजरिक मृणाल, बिहार विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार एवं डॉ. तरुण कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।बाईपास सड़क निर्माण को लेकर कार्यक्रम का आयोजन मध्य विद्यालय कलवाड़ा परिसर में किया गया। अतिथियों का मिथिला की परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। परियोजना की कुल लागत 8718.95 लाख रुपये बताई गई है। बाईपास सड़क की कुल लंबाई करीब 14 किलोमीटर होगी। 

इसके तहत रोसड़ा बाईपास उत्तरी हिस्से में बालापर चौक से ढरहा, लालपुर, मुहम्मदपुर एवं पबरा होते हुए सड़क का निर्माण कराया जाएगा। वहीं दक्षिणी हिस्से में रहुआ से दौलतपुर तक बाईपास सड़क बनाई जाएगी।बाईपास सड़क बनने के बाद रोसड़ा बाजार से होकर गुजरने वाले भारी एवं बाहरी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। इससे बाजार में वाहनों का दबाव कम होने के साथ ही जाम की समस्या से लोगों को काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। व्यापारियों और बाजार आने वाले लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।सांसद शांभवी चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान क्षेत्र के लोगों से जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। समस्तीपुर के विकास के लिए वह आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेंगी।

रोसड़ा में बाईपास सड़क का निर्माण क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।स्थानीय विधायक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि रोसड़ा-बहेड़ी मुख्य सड़क चौड़ीकरण और रोसड़ा बाईपास का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि रोसड़ा में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। सड़क और आधारभूत संरचना के विकास से क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।विभूतिपुर विधायक अजय कुमार ने कार्यक्रम के दौरान सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई लोगों को कई महीनों से पेंशन नहीं मिली है। इसके साथ ही कई स्थानों पर सड़क निर्माण के कार्य भी रुके हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पर्याप्त राशि उपलब्ध होने की बात कही जाती है, ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं को दूर किया जाना चाहिए।पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने कहा कि बाईपास सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाएगा।

निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण में गड़बड़ी पाए जाने पर सबसे पहले विभाग के संबंधित पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।मंत्री ने कहा कि वह स्वयं सिविल इंजीनियर हैं और तकनीकी बारीकियों से अच्छी तरह परिचित हैं। इसलिए निर्माण की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़क का निर्माण कराना नहीं, बल्कि लंबे समय तक टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सड़क उपलब्ध कराना है।बाईपास सड़क के निर्माण से रोसड़ा शहर के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से जाम की समस्या से परेशान शहरवासियों के लिए यह परियोजना राहत देने वाली साबित होगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *