हर घर तिरंगा अभियान के तहत रोसड़ा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को रोसड़ा में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। अनुमंडल मुख्यालय परिसर से निकली इस यात्रा का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार ने किया। यात्रा में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी शामिल हुए।तिरंगा यात्रा अनुमंडल कार्यालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नंद चौक पहुंची।

इसके बाद यात्रा सिनेमा चौक पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लिए विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

बच्चों ने पूरे जोश के साथ “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए। उनके नारों और हाथों में लहराते तिरंगे से शहर का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो गया। यात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जुटे। अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने आम लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति सम्मान, प्रेम और नागरिक कर्तव्यों की भावना को मजबूत करने का अवसर है।

उन्होंने रोसड़ा अनुमंडल क्षेत्र के लोगों से अपने-अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा इस राष्ट्रीय अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। तिरंगा यात्रा के मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। यात्रा में स्थानीय पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, समाजसेवी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।स्कूली बच्चों की भागीदारी और देशभक्ति के नारों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *