आवास प्लस 2.0 को लेकर पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित,भिरहा पूरब में 1453 लाभुकों की सूची पढ़कर सुनाई गई।

ROSERA रोसड़ा प्रखंड के मोतीपुर, भिरहा पूरब समेत विभिन्न पंचायतों में रविवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (आवास प्लस 2.0) को लेकर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। मोतीपुर पंचायत सरकार भवन में मुखिया प्रेमा देवी तथा भिरहा पूरब पंचायत सरकार भवन परिसर में मुखिया लालटून पासवान की अध्यक्षता में ग्राम सभा हुई। बैठक में पंचायत के सर्वांगीण विकास, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर चर्चा की गई।

ग्राम सभा के दौरान पिरामल सहयोगी संस्थान के प्रतिनिधि अविनाश कुमार सिंह ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कालाजार, फाइलेरिया और हाइड्रोसील जैसी बीमारियों के लक्षण, बचाव तथा समय पर उपचार कराने के संबंध में जागरूक किया। साथ ही फाइलेरिया पीड़ित मरीजों के बीच एमएमडीपी किट (मरीज प्रबंधन किट) उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

भिरहा पूरब पंचायत की ग्राम सभा में मुखिया लालटून पासवान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत में आवास प्लस 2.0 के तहत 1453 लाभुकों के नाम सूची में शामिल हुए हैं। योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से ग्राम सभा के दौरान उपस्थित ग्रामीणों के समक्ष लाभुकों की सूची पढ़कर सुनाई गई।

बैठक में पंचायत में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों को गति देने का संकल्प लिया गया। ग्राम सभा में इस मौके पर विकेश कुमार पंचायत सचिव, मधु कुमारी कार्यपालक सहायक,रामकुमार महतो आवास सहायक,उप मुखिया कन्हैया कुमार मुखिया,रंजन कुमार स्वच्छता पर्यवेक्षक, भगवन प्रसाद यादव सरपंच सहित पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *