नागपुर में रोसड़ा के मजदूर की चाकू गोदकर हत्या, शव पहुंचते ही गांव में कोहराम

रोसड़ा थाना क्षेत्र के रहुआ वार्ड-12 निवासी मजदूर राजू कुमार (19) की महाराष्ट्र के नागपुर में चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद राजू का शव पैतृक गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।परिजनों के अनुसार, राजू कुमार करीब आठ महीने पहले मजदूरी करने नागपुर गया था। वहां वह शारदा कंपनी की सरिया फैक्ट्री में काम करता था। राजू के पिता विनोद सहनी कोलकाता में रहकर रिक्शा चलाते हैं। 

आर्थिक स्थिति खराब होने के बावजूद उन्होंने राजू को दसवीं तक पढ़ाया था और इंटर में उसका नामांकन भी कराया था। इसके बाद परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए राजू अपनी चाची गोरकी देवी के साथ पहली बार मजदूरी करने नागपुर गया था।राजू की मां प्रमिला देवी ने बताया कि उनका पुत्र पढ़ने में तेज था। परिवार की आर्थिक परेशानी के कारण उसे पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करनी पड़ी। 

बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद से मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।राजू की चाची गोरकी देवी ने बताया कि बीते मंगलवार को राजू की कंपनी में रात्रि ड्यूटी थी। उसकी ड्यूटी रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक थी। कंपनी की ओर से रात करीब 10 बजे से दो बजे तक भोजन और आराम का समय दिया गया था। इसी दौरान रात करीब दो बजे राजू एक अन्य मजदूर को जगाने गया था। आरोप है कि इसी दौरान उक्त मजदूर ने राजू पर चाकू से कई बार वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू को कंबल से ढककर वहीं छोड़ दिया गया।कुछ देर बाद एक अन्य साथी मजदूर उसे जगाने पहुंचा।

आवाज नहीं मिलने पर उसने कंबल हटाया तो राजू लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ा था। इसके बाद रात करीब 3:30 बजे उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।चाची ने दावा किया कि राजू पर हमला करने वाला मजदूर पहले भी दो लोगों की हत्या कर चुका है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलने के बाद नागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।शुक्रवार को शव गांव पहुंचते ही रहुआ में मातम छा गया। राजू की मां प्रमिला देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने बताया कि कम उम्र में परिवार की जिम्मेदारी संभालने निकले राजू की इस तरह मौत से पूरा परिवार टूट गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *