घर-घर जाकर होगा मतदाताओं का सत्यापन, मृत मतदाताओं के नाम हटेंगे; एसडीओ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाताओं के सत्यापन एवं सूची में संशोधन का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 15 और 16 अक्टूबर को विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित कार्यों का निष्पादन करेंगे। इस दौरान अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा सके पात्र लोगों को नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा।

इस संबंध में मंगलवार को रोसड़ा अनुमंडलीय सभागार में एसडीओ पूजा कुमारी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष अभियान की जानकारी देते हुए सभी प्रतिनिधियों से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की गई। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी ममता कुमारी मौजूद थीं।बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अर्हता रखने वाले पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएंगे। नए मतदाताओं का नाम शामिल करने के लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन लिया जाएगा।

वहीं, सत्यापन के दौरान मृत पाए गए मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची से हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अलावा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन भी किया जाएगा।एसडीओ पूजा कुमारी ने बताया कि विशेष शिविर के दौरान बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। प्रखंड विकास पदाधिकारी अभियान के कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के पात्र मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।

प्रशासन ने वैसे मतदाताओं से भी विशेष शिविर में पहुंचकर आवेदन करने की अपील की है, जिनका नाम किसी कारणवश अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है। शिविर के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र मतदाताओं का नाम शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बैठक में जदयू प्रखंड अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह, भाजपा नेता महेश कुमार मालू, अखिलेश गुप्ता, कांग्रेस नेता अजीत कुमार सिंह समेत अन्य राजनीतिक दल के प्रतिनिधि शामिल।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *