फल्गु की पावन धारा में मेयर ने किया पितरों का तर्पण, बोलें- पितरों के प्रति आस्था, श्रद्धा और कर्तव्य का अद्भुत संगम है गयाजी

धीरज गुप्ता की रिपोर्ट

गयाजी:- पितृपक्ष मेले के बीच मंगलवार की अहले सुबह विष्णुपद मंदिर स्थित देवघाट पर आस्था और श्रद्धा का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला है। गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने फल्गु नदी के पावन तट पर अपने पूर्वजों की मोक्ष की कामना को लेकर विधि-विधान से जल तर्पण किया है। आचार्य अरुण मिश्रा के मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान के बीच मेयर ने अपने पितरों को तर्पण अर्पित कर उनका स्मरण किया। तर्पण के बाद उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया तथा दान-पुण्य भी किया है।

इस मौके पर मेयर गणेश पासवान ने कहा कि गयाजी केवल एक धार्मिक नगरी नहीं, बल्कि पितरों के प्रति आस्था, श्रद्धा और कर्तव्य का ऐसा संगम है, जिसे हर व्यक्ति अपने जीवन में निभाना चाहता है। अपने पूर्वजों को याद कर पिंडदान और तर्पण करने की परंपरा अत्यंत प्राचीन और पौराणिक है। यही कारण है कि पितृपक्ष के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु अपने पितरों की मोक्ष की कामना लेकर गयाजी पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि फल्गु तट पर तर्पण और विष्णुपद में पिंडदान का विशेष धार्मिक महत्व है। यहां आने वाले प्रत्येक पिंडदानी को बेहतर सुविधा मिले और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए गया नगर निगम पूरी तरह सजग है। निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी लगातार क्षेत्र में रहकर सफाई, पेयजल, प्रकाश, यातायात समेत अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

मेयर ने कहा कि पितरों के प्रति श्रद्धा के साथ तीर्थयात्रियों की सेवा भी गयाजी की परंपरा का हिस्सा है। इसी भावना के साथ नगर निगम की पूरी टीम दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है। उन्होंने पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए सभी तीर्थयात्रियों की मंगलकामना भी की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *