रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर कार्यक्रम, तंबाकू से दूरी बनाने की दिलाई गई शपथ।

रोसड़ा, समस्तीपुर स्थानीय अनुमंडलीय अस्पताल के ओपीडी परिसर में आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मनीष कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। ​डेंटल चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों, एएनएम स्कूल की छात्राओं और आम मरीजों व उनके परिजनों को तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा एक स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।

सेलिब्रिटी सिर्फ विज्ञापन करते हैं, सेवन नहीं: एएनएम छात्राएं
​कार्यक्रम में मौजूद एएनएम स्कूल की छात्राओं ने आम लोगों को जागरूक करते हुए एक बेहद महत्वपूर्ण बात कही। छात्राओं ने बताया कि बड़े-बड़े अभिनेता और खिलाड़ी तंबाकू, गुटखा और पान मसाला का प्रचार सिर्फ इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें इसके लिए कंपनियों से मोटी रकम मिलती है। असल जिंदगी में वे खुद इन जानलेवा चीजों का सेवन कभी नहीं करते। इसलिए आम लोगों को इन विज्ञापनों के बहकावे में आकर अपनी सेहत से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।

31 मई को क्यों मनाया जाता है यह दिवस?
​इस मौके पर चिकित्सकों ने बताया कि हर साल 31 मई को दुनिया भर में ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी और अन्य निकोटीन उत्पादों से सेहत को होने वाले गंभीर नुकसानों, जैसे कैंसर और हृदय रोग के प्रति जागरूक करना है।

इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार, लिपिक सौरभ कुमार, लैब टेक्नीशियन राहुल कुमार, नेत्र सहायक डॉ. प्रदीप कुमार, प्रवीण कुमार, विभा कुमारी, सुजीत कुमार सहित एएनएम स्कूल की सभी छात्राएं और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *