नागपंचमी को लेकर रोसड़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक

आगामी नाग पंचमी मेला के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप आयोजन को लेकर रविवार को रोसड़ा थाना परिसर में प्रशासन और मेला समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार एवं अंचल अधिकारी सुमित कुमार की मौजूदगी में हुई। इसमें नाग पंचमी मेला समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, आपातकालीन व्यवस्था तथा प्रशासनिक समन्वय सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने मेला समिति से प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान सबसे महत्वपूर्ण निर्णय नाग पंचमी मेले में लगने वाली सांपों की प्रदर्शनी को लेकर लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि इस वर्ष मेले में सांपों की प्रदर्शनी की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण से संबंधित नियमों एवं सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मेला समिति के सदस्यों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा गया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा जीवित सांपों का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।गौरतलब है कि रोसड़ा प्रखंड क्षेत्र में नाग पंचमी मेला वर्षों से अपनी सांपों की प्रदर्शनी के लिए प्रसिद्ध रहा है। 

नाग पंचमी के अवसर पर बड़ी संख्या में भगत द्वारा विभिन्न प्रजातियों के सांपों के साथ यहां पहुंचते थे और श्रद्धालु व दर्शक इस प्रदर्शनी को देखने आते थे। हालांकि इस वर्ष प्रशासन के निर्देश के बाद मेले में इस परंपरा का आयोजन नहीं होगा।बैठक में अधिकारियों ने मेला समिति से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं कानून के दायरे में रहकर की जाएं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में मेले का आनंद ले सकें और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका न रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *