रहुआ पुल से युवती ने नदी में लगाई छलांग, नाविकों ने बचाया

रोसड़ा प्रखंड के रहुआ पुल पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने अचानक पुल से नदी में छलांग लगा दी। युवती के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल नदी में पहुंचकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई।बताया जाता है कि युवती मुरादपुर गांव की रहने वाली है और एरोत कन्या विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है।

उसके पति का नाम कुनाल कुमार बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार युवती और उसके पति के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद और अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि इसी कारण युवती अपने ससुराल में रहने के बजाय रोसड़ा में डेरा लेकर रह रही थी। हालांकि, इस संबंध में किसी आधिकारिक व्यक्ति द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।शनिवार की सुबह युवती रहुआ पुल पर पहुंची और अचानक नदी में छलांग लगा दी।

उसे नदी में गिरते देख वहां मौजूद स्थानीय नाविकों ने बिना देर किए नदी में पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। नाविकों ने काफी तत्परता से युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और नाव के सहारे किनारे तक पहुंचाया।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। युवती को सुरक्षित स्थान पर रखने के बाद घटना की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई।

युवती ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आ सका है। पति के साथ चल रही कथित अनबन को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की वास्तविक स्थिति युवती और उसके परिजनों से बातचीत तथा आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *