रोसड़ा में मची चीख-पुकार: नाना के क्रियाकर्म के दौरान बूढ़ी गंडक नदी में डूबने से बेटी और नातिन की दर्दनाक मौत।

समस्तीपुर रोसड़ा शहर के सिनेमा चौक पर उस वक्त कोहराम मच गया जब नाना के श्राद्धकर्म (नखबाल) के दौरान बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने उतरी पुत्री और नातिन की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोसड़ा शहर के सिनेमा चौक निवासी सीताराम सहनी का सोमवार को बूढ़ी गंडक नदी के सीढ़ी घाट पर नखबाल (क्रियाकर्म) का अनुष्ठान चल रहा था। इसी दौरान उनकी 25 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और उनकी नातिन काजल कुमारी (19 वर्ष) अनुष्ठान के सिलसिले में नदी में स्नान करने गईं।
​स्नान करने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। घाट पर मौजूद लोगों की नजर पड़ने पर तुरंत बचाने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से सोनी कुमारी को पानी से बाहर निकालकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

वहीं, नातिन काजल कुमारी का शव घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बरामद किया गया।
​ननिहाल आई हुई थी काजल
​मृतक काजल कुमारी, सीताराम सहनी की बड़ी पुत्री की बेटी थीं और बरैठा गांव की रहने वाली थीं। वह अपने नाना के घर यानी ननिहाल में आयोजित क्रियाकर्म के कार्य में शामिल होने के लिए आई हुई थीं। किसे पता था कि जिस घर में श्रद्धांजलि और अनुष्ठान का माहौल है, वहां ऐसा बड़ा वज्रपात हो जाएगा।

पुलिस पहुंची मौके पर, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत रोसड़ा थाने को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रोसड़ा थाने के एसआई राजू सिंह अपने पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
​पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन शोकाकुल परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। एक ही परिवार में दो-दो मौतों से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और सांत्वना देने वाले हर शख्स की आंखें नम हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *