


रोसड़ा बाज़ार में जाम की गंभीर समस्या से आम लोग परेशान थे। शुक्रवार को इस समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से रोसड़ा प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।

अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी संदीप कुमार ने किया। उनके साथ उप निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी उपेंद्रनाथ वर्मा, तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।
अभियान अंबेडकर चौक से शुरू होकर सिनेमा चौक होते हुए महावीर चौक तक चलाया गया, जहाँ सड़क के दोनों ओर दुकानों द्वारा किए गए कब्जे एवं अस्थायी निर्माणों को हटाया गया।अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे रेत, ईंट, निर्माण सामग्री, और अन्य अतिक्रमित सामानों को नगर प्रशासन की टीम ने लादकर जब्त किया।अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी अतिक्रमण हटाया गया था दोबारा से कई दुकानदारों को पहले भी चेतावनी दी गई थी,लेकिन उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया।

इसी कारण मजबूरन प्रशासन को अभियान चलाकर कार्रवाई करनी पड़ी।बाज़ार क्षेत्र में अवैध रूप से सड़क पर दोपहिया वाहन खड़ा करने वाले कई बाइक चालकों से जुर्माना वसूला गया।दुकानों के सामने फुटपाथ और सड़क की जगह घेरने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि बाज़ार की भीड़ और जाम के लिए सबसे बड़ी वजह यही अवैध अतिक्रमण है।एसडीएम संदीप कुमार ने कहा कि जाम से स्थायी राहत तभी मिलेगी जब दुकानदार और स्थानीय लोग प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा अगर दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो इससे बड़ी कार्रवाई होगी, और नियमित निगरानी की जाएगी।



नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि बाज़ार क्षेत्र को व्यवस्थित करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।अभियान को लेकर आम लोगों में संतोष देखा गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण सुबह और शाम के समय जाम की समस्या भयावह हो जाती है। प्रशासन द्वारा की गई यह कार्रवाई स्वागतयोग्य है और इससे सड़क यातायात सुचारू होगा।




![]()












Leave a Reply