


रोसड़ा (समस्तीपुर): रोसड़ा के मारवाड़ी समाज द्वारा नवनिर्मित शक्ति धाम खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार, भव्य श्रृंगार और पूर्ण विधि-विधान के साथ भगवान की प्राण प्रतिष्ठा की गई, जिसके बाद आम भक्तों के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए।

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे आचार्य नीरज शर्मा ने बताया कि स्थापना से पूर्व सभी विग्रहों का पवित्र स्नान कराया गया। भगवान को पंचगव्य, पंचामृत, विभिन्न पुष्पों के रस और औषधीय अनाज के चूर्ण से स्नान कराने के बाद नवीन वस्त्र व आभूषणों से अलंकृत किया गया। जैसे ही भगवान का आकर्षक श्रृंगार पूरा हुआ और पट खुले, पूरा परिसर ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंज उठा।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने जानकारी दी कि मंदिर का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. महेश कुमार लखोटिया द्वारा किया गया। उद्घाटन के साथ ही मंदिर को औपचारिक रूप से आम श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया गया।



सचिव कृष्ण कुमार लखोटिया ने कहा कि भगवान की दिव्य आभा भक्तों को मंत्रमुग्ध कर रही थी।
कोषाध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा के अनुसार, प्राण प्रतिष्ठा के बाद भव्य पूर्णाहुति हवन का आयोजन हुआ, जिसमें यजमानों और श्रद्धालुओं ने आहुति देकर सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा शक्ति धाम
कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार नवल किशोर गुप्ता ने बताया कि आज से मंदिर में नियमित आरती, भजन-कीर्तन और विशेष धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि यह मंदिर आने वाले समय में क्षेत्र की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा।


आयोजन को सफल बनाने में मारवाड़ी समाज के महिला, पुरुष और युवाओं ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रमुख रूप से नितेश शर्राफ, हर्ष चौधरी, श्रवण मुंसी, मोहित अग्रवाल, पवन सिंघी, पंकज जाजोदिया, नितीश गुप्ता, प्रिंस मुंसी, रेखा शर्मा, रितिका शर्मा, निशा अग्रवाल, प्रीती गुप्ता, सोना जाजोदिया, चंचल चौधरी, निकिता गुप्ता, दीप्ति लखोटिया, स्नेहा लखोटिया और प्रतिमा अग्रवाल सहित समाज के अन्य गणमान्य सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।


![]()












Leave a Reply