रोसड़ा के मोतीपुर पंचायत सरकार भवन में होली मिलन समारोह की धूम, आपसी भाईचारे का दिया संदेश।

रोसड़ा (समस्तीपुर): रंगों के महापर्व होली के शुभ अवसर पर समस्तीपुर जिले के रोसड़ा प्रखंड अंतर्गत आदर्श ग्राम पंचायत राज मोतीपुर में उत्साह और उमंग का माहौल देखा गया। पंचायत सरकार भवन के प्रांगण में मुखिया श्रीमती प्रेमा देवी की अध्यक्षता में भव्य ‘होली मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया।

इस समारोह में पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान मुखिया प्रेमा देवी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और पुरानी कड़वाहट को भूलकर नई शुरुआत करने का अवसर है।

समाजसेवी रंजीत सहनी ने बताया कि: हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम सभी मिलकर इस समारोह का आयोजन कर रहे हैं। यहाँ न केवल पंचायत बल्कि आसपास के क्षेत्र के लोग भी पहुँचते हैं और सामूहिक रूप से होली का आनंद लेते हैं। यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुका है।”
​भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील
​समारोह के माध्यम से समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि रंगों के इस त्योहार को अपने परिवार, सगे-संबंधियों और मित्रों के साथ शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।

उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग-बिरंगे गुलाल लगाए और पकवानों का आनंद लेते हुए भाईचारे की मिसाल पेश की।
​बता दें कि होली का पर्व आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है, जहाँ लोग ऊंच-नीच का भेद मिटाकर एक-दूसरे को गले लगाते हैं। मोतीपुर में आयोजित इस कार्यक्रम ने इस संदेश को और भी मजबूती प्रदान की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *