रोसड़ा में रामनवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब: भव्य शोभा यात्रा के साथ पेश की गई सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल।

रोसड़ा (समस्तीपुर): मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर रोसड़ा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। अनुमंडल कार्यालय स्थित स्टेडियम परिसर से निकली भव्य शोभा यात्रा ने पूरे शहर को राममय कर दिया। इस आयोजन की सबसे सुंदर तस्वीर तब उभरी जब मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आगे बढ़कर शोभा यात्रा का स्वागत किया और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।

जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर
​शोभा यात्रा की शुरुआत स्टेडियम परिसर से हुई, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और युवा शामिल हुए। हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु “जय श्रीराम” के जयकारे लगा रहे थे। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और बाजारों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा कर जुलूस का भव्य अभिनंदन किया।

आकर्षण का केंद्र रहीं झांकियां
​यात्रा में भगवान श्रीराम और हनुमान जी की जीवंत झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। विशेष रूप से, समाज में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ संदेश देती झांकी की लोगों ने काफी सराहना की। इसके माध्यम से धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया गया।

मुस्लिम समुदाय ने पेश की भाईचारे की मिसाल
​रोसड़ा की इस शोभा यात्रा ने आपसी सौहार्द का बड़ा संदेश दिया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जगह-जगह स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं के लिए ठंडा पानी, शरबत और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था की।
​प्रमुख उपस्थिति: इस दौरान भावी जिला परिषद प्रत्याशी (खोदाबंदपुर) डॉ. ए. हुसैन, भाजपा नेता सिकंदर आलम, डॉ. माजिद, मोहम्मद हैदर अली सपरी, डॉ. जावेद, मोहम्मद जाकिर और मोहम्मद गुलाब समेत कई गणमान्य लोगों ने पुष्प वर्षा कर भाईचारे का परिचय दिया।।

प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद
​शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखा। नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार और अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे। प्रशासनिक मुस्तैदी के कारण पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुई।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *