


समस्तीपुर:- रोसड़ा थाना क्षेत्र के ठाहर वार्ड संख्या 3 में आपसी विवाद को लेकर हुई बर्बर मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल वृद्ध पवन कुमार चौधरी की आखिरकार इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को पटना में उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक का शव गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शव को देखते ही पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम नजर आई।

बिजली कटने के बाद धारदार हथियारों से किया था हमला
दर्ज फर्द बयान के मुताबिक, घटना बीते 7 मई की रात करीब 8:00 बजे की है। मृतक के परिजन प्रभात रंजन चौधरी अपने दरवाजे पर अकेले पढ़ाई कर रहे थे। इसी बीच अचानक उनके घर की बिजली गुल हो गई। जब वे यह देखने बाहर निकले कि क्या हुआ, तो उन्होंने पाया कि आसपास के अन्य घरों में बिजली जल रही थी।
इसी दौरान पहले से घात लगाए कुछ लोग लाठी, डंडा, हॉकी स्टिक, लोहे का सरिया और धारदार हथियार से लैस होकर गाली-गलौज करते हुए दरवाजे पर आ धमके। आरोपियों ने आते ही प्रभात रंजन चौधरी के साथ मारपीट शुरू कर दी

शोर-शराबा और जान बचाने की गुहार सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन पर भी जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक झड़प में वृद्ध पवन कुमार चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि परिवार के अन्य लोगों को भी काफी चोटें आईं।
पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को आनन-फानन में रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पवन कुमार चौधरी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मुफस्सिल पुलिस ने प्रभात रंजन चौधरी का फर्द बयान दर्ज किया, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।



इस मामले में कुल 8 नामजद समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और लूटपाट की धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जख्मी वृद्ध की हालत में सुधार न होता देख परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले गए थे, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को पटना में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम को शव गांव लाया गया।


पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 सगे भाइयों समेत अन्य एक गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए रोसड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना में शामिल चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ठाहर बसढ़िया गांव निवासी:
सुमंत कुमार उर्फ सुमन कुमार (पिता: स्वर्गीय रामशंकर चौधरी)
कन्हैया चौधरी (पिता: स्वर्गीय रामशंकर चौधरी)
गणेश कुमार चौधरी उर्फ माधव कुमार चौधरी (पिता: स्वर्गीय रामशंकर चौधरी)
संतोष पासवान (पिता: बैजनाथ पासवान)
के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि केस को हत्या की धाराओं में तब्दील कर आगे की जांच की जा रही है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।



![]()












Leave a Reply