


रोसड़ा :- थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में रविवार दोपहर गैस सिलेंडर में आग लगने से एक घर में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में नकदी, जेवरात, अनाज समेत हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के संबंध में पीड़िता रामशाद बेगम ने अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी, रोसड़ा को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी है। आवेदन में उन्होंने बताया कि रविवार को उनके घर में अचानक आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।आग लगने की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम वॉटर टैंकर के साथ घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया, जिससे आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोका जा सका।

पीड़िता के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण चूल्हे की चिंगारी से गैस सिलेंडर में आग पकड़ना बताया जा रहा है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। शमशाद बेगम ने आवेदन में बताया है कि इस हादसे में लगभग 20 हजार रुपये नकद, 10 ग्राम सोना, 100 ग्राम चांदी, दो क्विंटल गेहूं, 50 किलो चावल, एक क्विंटल मकई, 10 किलो दाल, कपड़े, चौकी, पलंग, बक्सा तथा अन्य घरेलू उपयोग के सामान जलकर राख हो गए। इसके अलावा जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात एवं जमीन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए।अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट उत्पन्न हो गया है।



परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा एवं राहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच एवं क्षति के आकलन की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।






![]()












Leave a Reply