


रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र के भिरहा रोड स्थित आदित्य विजन के समीप संचालित राजधानी फर्नीचर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए फर्नीचर निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार, 22 मई की रात अज्ञात चोरों ने अमर कुमार के राजधानी फर्नीचर कारखाने का ताला तोड़कर फर्नीचर निर्माण में प्रयुक्त होने वाले औजार, उपकरण एवं अन्य सामग्री की चोरी कर ली थी।

चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई थी। घटना के बाद कारखाना संचालक द्वारा रोसड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए रोसड़ा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

रोसड़ा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन तथा मानवीय सूचना संकलन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना लाया।



पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर गांव निवासी राम सिंह पिता केदार राम तथा राम अवतार पिता नेवाशु राम के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए फर्नीचर निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले छोटे-बड़े कुल 11 उपकरण बरामद किए हैं।


बरामद सामानों में विभिन्न प्रकार के औजार एवं मशीनरी उपकरण शामिल हैं, जिनका उपयोग फर्नीचर निर्माण में किया जाता है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।छापेमारी दल में रोसड़ा के नगर इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार, अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल, अनीश कुमार, कृति कुमारी, मनीषा कुमारी , जितेंद्र कुमार सिंह शामिल थे।




![]()












Leave a Reply