डीसीएलआर और घरेलू नौकर 2 लाख नगद व वाशिंग मशीन रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।

​रोसड़ा (समस्तीपुर)। अनुमंडल कार्यालय स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) कंचन कुमारी झा के सरकारी आवास पर गुरुवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। निगरानी विभाग की टीम ने 2 लाख रुपये नकद और 37 हजार रुपये मूल्य की एक नई वाशिंग मशीन रिश्वत के रूप में लेते हुए डीसीएलआर कंचन कुमारी झा और उनके घरेलू नौकर सुमित कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना के पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सरकारी आवास की गहन तलाशी ली। करीब 12 घंटे तक चली इस छापेमारी में आवास से कुल 13 लाख 82 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, विभूतिपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी परिवादी मनोज कुमार महतो ने 1 कट्ठा 3 धूर जमीन के दखल देहानी से जुड़े एक मामले के निष्पादन के लिए निगरानी विभाग से शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि इस काम के एवज में 2 लाख रुपये नकद और एक वाशिंग मशीन की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया।

12 घंटे तक बंद दरवाजे के पीछे हुई जांच
गुरुवार सुबह करीब 9 बजे परिवादी जैसे ही रिश्वत की राशि लेकर आवास के अंदर पहुंचा, पहले से मौजूद निगरानी अधिकारियों ने दबिश देकर दोनों को धर दबोचा। छापेमारी के दौरान आवास के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए गए थे। टीम ने दाखिल-खारिज की फाइलों, भूमि विवाद से जुड़े आदेशों, बैंक पासबुक और निवेश संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

मूल रूप से मधुबनी जिले की रहने वाली कंचन कुमारी झा पिछले करीब डेढ़ वर्षों से रोसड़ा में डीसीएलआर पद पर कार्यरत हैं। निगरानी विभाग की इस अचानक कार्रवाई से पूरे अनुमंडल और जिला प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *