रजिस्ट्री ऑफिस के समीप पिकअप वैन से 630 लीटर शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

SAMASTIPUR:- रोसड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्री ऑफिस के समीप एक पिकअप वैन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस दौरान पिकअप वैन के चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, रोसड़ा थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र से होकर भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्री ऑफिस के समीप वाहन चेकिंग एवं छापेमारी अभियान शुरू किया।

इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के क्रम में पिकअप पर रखे लकड़ी के छह बक्सों से शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, शराब को पुलिस की नजर से बचाने के लिए लकड़ी के बक्सों के अंदर प्लास्टिक में पैक कर छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने बरामद शराब की गिनती की, जिसमें 70 कार्टून में 75 एमएल की कुल 630 लीटर शराब पाई गई। इसके बाद पुलिस ने शराब की पूरी खेप को जब्त करते हुए पिकअप वैन को भी अपने कब्जे में ले लिया।

मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान वैशाली जिले के हाजीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर देवरिया वार्ड संख्या दो निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में की गई है। पुलिस गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाने में लगी है।
इस छापेमारी अभियान में अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल, एसआई चंदन कुमार, एसआई मधुबाला भारती, पीएसआई मनीषा कुमारी तथा एसआई जितेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *