


Rosera :- थाना क्षेत्र के एरौत गांव के समीप 13 सितंबर की शाम ट्रक की ठोकर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एरौत गांव निवासी कांग्रेस राम के पुत्र राजेश राम की मौत हो गई। वहीं, दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एरौत गांव निवासी दोनों युवक बाइक से दवा लाने बाघोपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोसड़ा की ओर जा रहे एक ट्रक ने बाइक में ठोकर मार दी। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने लगा। सूचना मिलने पर लोगों ने पीछा कर पेट्रोल पंप के समीप ट्रक को पकड़ लिया।

राजेश राम की इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने रोसड़ा-हथौड़ी मुख्य पथ को एरौत में बस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया। सुबह करीब 6 बजे शुरू हुआ सड़क जाम लगभग 11 बजे तक जारी रहा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क जाम की सूचना मिलने के बावजूद रोसड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी करीब चार घंटे बाद जाम स्थल पर पहुंचे। पुलिस पदाधिकारी के विलंब से पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने जमकर नारेबाजी की। जिला परिषद सदस्य राजेश यादव ने बताया कि पुलिस पदाधिकारी की ओर से चालक के मौके पर नहीं रहने की बात कही गई।

इधर, जाम की सूचना पर अंचल अधिकारी एवं पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया। पीड़ित परिवार की ओर से मुआवजा देने और घटना में समुचित कार्रवाई की मांग की जा रही थी। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



* एक माह में छह दुर्घटनाएं, चार की मौत का दावा
स्थानीय लोगों के अनुसार ठाहर से गेहुमाना के बीच मुख्य सड़क पर पिछले एक महीने में करीब छह सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें चार लोगों की मौत की बात बताई जा रही है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में चिंता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाने, वाहनों की गति नियंत्रित कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।




![]()












Leave a Reply