मॉल, स्कूल व गांव में मॉक ड्रिल कर अग्नि सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।

आगजनी की घटनाओं से बचाव और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने को लेकर अनुमंडल अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा बुधवार को विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रोसड़ा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 08 स्थित मॉल, मालीपुर पंचायत परोरिया के वार्ड संख्या 06 स्थित प्राथमिक विद्यालय तथा मालीपुर पंचायत परोरिया के वार्ड संख्या 08 में अलग-अलग मॉक ड्रिल कराया गया। 

साथ ही पीए सिस्टम के माध्यम से लोगों को अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई।मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने आग लगने की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। टीम ने बताया कि आग लगने पर सबसे पहले आसपास के लोगों को इसकी सूचना देते हुए सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए। इसके बाद अग्निशमन विभाग को तत्काल सूचना देने के साथ उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करना चाहिए। 

कर्मियों ने आग के प्रकार के अनुसार अग्निशमन यंत्र के उपयोग की जानकारी भी दी।विद्यालय में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय कतारबद्ध होकर सुरक्षित स्थान पर निकलने, धुएं से बचने तथा आपातकालीन स्थिति में एक-दूसरे की मदद करने के बारे में बताया गया। वहीं मॉल एवं ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को विद्युत शॉर्ट सर्किट, गैस सिलेंडर और अन्य कारणों से लगने वाली आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।पीए सिस्टम के माध्यम से भी लोगों को आग से बचाव के लिए सावधानी बरतने, घरों एवं प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरण रखने तथा आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया।

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ओंकारनाथ सिंह ने कहा कि विभागीय दिशा-निर्देश के अनुसार लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को आग लगने की स्थिति में तत्काल और सही तरीके से बचाव कार्य करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी और सही समय पर उठाया गया कदम बड़े हादसे को टाल सकता है। उन्होंने लोगों से अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने और आग से बचाव के प्रति सजग रहने की अपील की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *