नवजात शिशुओं को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा, एमएनसीयू भवन का डीएम ने किया उद्घाटन।

रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा में नवजात शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवनिर्मित एमएनसीयू (मदर न्यू बोर्न केयर यूनिट) भवन का गुरुवार को समस्तीपुर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। जिलाधिकारी के आगमन को लेकर अस्पताल परिसर में सुबह से ही प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। उद्घाटन के बाद डीएम ने एमएनसीयू भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों की कमी का मामला भी सामने आया। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि चिकित्सकों की कमी के कारण अनुमंडलीय अस्पताल में फरवरी माह से सिजेरियन ऑपरेशन बंद है। इस पर जिलाधिकारी ने चिकित्सकों की कमी को दूर करने की दिशा में जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर पदस्थापित चिकित्सकों को जल्द ही रोसड़ा अनुमंडलीय अस्पताल में प्रतिनियुक्त किया जाएगा, ताकि अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

जिलाधिकारी ने अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। कायाकल्प अभियान के तहत अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 30 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान अस्पताल भवन के रंग-रोगन, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरा करने को कहा।

अस्पताल परिसर में मौजूद जर्जर भवन की स्थिति का भी जिलाधिकारी ने जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जर्जर भवन से संबंधित आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने का निर्देश दिया। अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

मौके पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी पूजा कुमारी, सिविल सर्जन राजीव कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अस्पताल के कर्मी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *